रविवार, जुलाई 15, 2018

इच्छाधारी नाग



=इच्छाधारी नाग=

त्रिया चरित न जाने कोय, खसम मार के सती होय।

ये कहावत आपने प्रायः सुनी होगी, और आज के समय में तो इसके कई ज्वलंत उदाहरण भी मौजूद हैं, और प्रायः हमारे आसपास अक्सर देखने को मिल जाते हैं। हैरत तो तब होती है, जब ये कहावत औरतों के मुख से सुनते हैं, जिसे वे दूसरी औरतों के लिये इस्तेमाल करती हैं।

क्योंकि ये प्राचीनकाल से प्रसिद्ध कहावत है इसलिये इस कहावत की कोई न कोई ठोस वजह अवश्य रही होगी। ये कहावत कब और क्यों चलन में आयी इसकी जानकारी अभी तक नहीं हुयी है। पर इस बात पर अक्सर एक बात सोचता हूँ कि एक मामूली मजदूर वर्ग के आदमी से लेकर एक प्रधानमन्त्री या शीर्ष उद्योगपति जैसे आदमी भी प्रायः अपनी ब्याहता से इस तरह के षङयंत्र करते देखे गये हैं।

लेकिन पुरुषों के लिये इस तरह की प्रसिद्ध कहावत मेरी नजर से अभी तक नहीं गुजरी है। इसकी क्या वजह हो सकती है? सोचने में नाकामयाब रहा हूँ। क्योंकि मेरी नजर में तो कमोवेश स्री पुरुष समान व्यवहार ही करते हैं। अगर एक पुरूष अत्यन्त ज्ञानी पुरुष हो सकता है तो विदुषी स्त्रियों के उदाहरण भी अनगिनत हैं।

अगर एक स्त्री कुलटा या व्यभिचारिणी हो सकती है तो कामभ्रष्ट कामी पुरुषों के काले कारनामों से भी इतिहास भरा पङा है। स्त्री पुरूष जैसी भेद दृष्टि अज्ञान का परिणाम है। आत्मिक ज्ञान की कसौटी पर तो वह सिर्फ़ आत्मा या चेतन ही है।

एक बार महाभारत श्रीमदभगवदगीता आदि धर्मग्रन्थों के रचियता व्यास जी जो वृद्ध हो चुके थे। उनके युवा पुत्र शुकदेव को वैराग हो गया, और वे जंगल की ओर तपस्या करने जाने लगे। तब वृद्ध व्यास पुत्रमोह में उनके पीछे पीछे उन्हें मनाने दौङे।

शुकदेव तेजी से चले जा रहे थे। आगे सरोवर पर कुछ निर्वस्त्र स्त्रियां स्नान कर रही थी। उनके कमर से ऊपर स्तन आदि अंग पूर्णत अनावृत थे। युवा शुकदेव निकलते चले गये, और स्त्रियां पूर्ववत नहाती रहीं।

लेकिन जब वृद्ध व्यास निकले तो स्त्रियों ने तत्परता से वस्त्रों से अपने बदन को ढँक लिया, और व्यास जी को आदर से प्रणाम किया। व्यास ने ये पूरा दृश्य देखा था, तो उनके मन में एक संशय प्रश्न उठ खङा हुआ।

उन्होंने कहा- देवियों, अभी मेरा युवा पुत्र तुम्हारे सामने से निकला तो तुमने अपने तन को छिपाने की कोई कोशिश नहीं की, और मुझ वृद्ध को देखते ही तुमने ऐसा किया। इसका क्या रहस्य है?

स्त्रियों ने विनम्रता से उत्तर दिया - हे महात्मन, आपके पुत्र की दृष्टि में स्त्री पुरुष का भेद नहीं है, वो सर्वत्र कण-कण में व्याप्त अविनाशी चेतन को ही सर्वत्र देखता है। जबकि आप शरीरों को भेद दृष्टि से देखते हैं।

इसी तरह का उदाहरण श्रीकृष्ण भक्त विदुर पत्नी का है। जिस समय श्रीकृष्ण विदुर के घर पहुँचे विदुर घर पर नहीं थे, और विदुर पत्नी निर्वस्त्र अवस्था में स्नान कर रही थी। श्रीकृष्ण की आवाज सुनते ही उसने बाबली के समान दरवाजा खोल दिया, और उसी नग्न अवस्था में श्रीकृष्ण की आवभगत करने लगी।

इत्तफ़ाक से इसी समय विदुर घर लौट आये, और ये देखकर दंग रह गये कि उनकी पत्नी नग्न अवस्था में श्रीकृष्ण को केले के छिलके खिला रही हैं, और गिरियां फ़ेंकती जा रही है। तब विदुर ने जाना कि असली प्रेमभक्ति क्या होती है।

आईये आपको एक दिलचस्प कहानी सुनाते हैं।

एक राजा के चार रानियाँ थी लेकिन बहुत समय बीत जाने के बाद भी उस राजा के कोई संतान नहीं हुयी थी। इससे राजा बहुत उदास और मानसिक रूप से हताश और अशान्त रहता था। तब उन चारों रानियों ने एक योजना बनायी, और झूठी खबर फ़ैला दी कि छोटी रानी को गर्भ ठहर गया है।

पूरे राज्य में खुशी की लहर फ़ैल गयी कि आखिरकार राज्य का वारिस आ ही गया। राजा की खुशी का ठिकाना न रहा। उसने राज्य में मिठाईयां बँटवायी, और दिल खोलकर गरीबों को दान दिया। इस तरह झूठे गर्भ का नाटक चलता रहा, और आखिर नौ महीने गुजर गये। तब रानियों ने एक विश्वस्त दाई को अपने नाटक में शामिल कर लिया, और फ़िर से झूठी खबर फ़ैला दी कि रानी ने एक सुन्दर राजकुमार को जन्म दिया है।

लेकिन छोटी रानी को स्वप्न में किसी देवात्मा ने चेतावनी दी है कि राजकुमार को रानियों के अतिरिक्त और किसी को न दिखाया जाय, अन्यथा ऐसा करने पर राजकुमार की मृत्यु हो जायेगी। राजा जो अपने पुत्र का मुँह निहारने के लिये के लिये व्याकुल था ये बात (या आदेश) सुनकर मन मसोस कर रह गया। लेकिन उसके सामने चारा ही क्या था, चलो इतना ही काफ़ी है कि उसके एक पुत्र तो है।

इसके बाद रानियों ने एक पत्रा बाँचने वाले पुरोहित को भी अपने षडयंत्र में शामिल कर लिया, और उसके मुँह से घोषणा करवा दी कि राजकुमार बेहद विचित्र ग्रहयोग लेकर जन्मा है। इस ग्रहयोग के अनुसार राजकुमार के विवाह से पूर्व आम जनता या कोई भी उसे (रानियों को छोङकर) देखेगा तो राजकुमार तत्काल मृत्यु को प्राप्त हो जायेगा।

सब लोग इस विचित्र भविष्यवाणी को सुनकर ठंडी आह भरकर रह गये, और राजकुमार को निहारने की हसरत दिल में ही रह गयी। रानियों ने उसका सौन्दर्य वर्णन अवश्य जनता के बीच पहुँचा दिया कि राजकुमार बेहद सुन्दर है, और उसके चेहरे पर अनोखा तेज है।

रानियों ने दाई और पुरोहित को धमकी दी कि ये भेद अगर खुल गया तो उनका जो अंजाम होगा सो होगा ही, वे उन दोनों को फ़ाँसी पर अवश्य चढ़वा देंगी, सो वे बेचारे डरकर चुप ही रहे। इस तरह अजन्मा राजकुमार जिसका कहीं कोई अस्तित्व ही न था, जन्मदिन आदि और अन्य सभी दस्तूर निभाता हुआ अठारह बरस का हो गया, और उसके विवाह हेतु प्रस्ताव आने लगे, और आखिरकार एक जगह उसका विवाह भी तय हो गया।

लेकिन जब कन्या के पिता (दूसरे राजा) ने वर को देखने की इच्छा व्यक्त की तो रानियों ने पुरोहित के समर्थन से कह दिया कि कुन्डली में ऐसा योग बनता है कि राजकुमार को उसी समय देखा जा सकता है। जब वह बारात लेकर कन्या के दरवाजे पर पहुँच जाये।

कुछ असमंजस के बाद कन्या का पिता मान गया। आखिर ये बात किसी एरे गैरे की नहीं थी बल्कि राजघराने की बात थी।

उसने सोचा - कुछ ही समय की बात है, जामाता को विवाह पर देख लेंगे।

और इस तरह विवाह तय हो गया।

विवाह के सारे कार्य निर्विघ्न होते रहे, और बारात जाने के समय रानियों ने गुँधे हुये आटे का मानवीय पिंड (शरीर) बनाकर पालकी में रख दिया, और गहरी ताकीद कर दी कि पालकी को कोई खोले नहीं।

इस तरह ये बारात चलती हुयी एक बगीचे में आकर विश्राम के लिये ठहर गयी।
उधर रानियों को अपनी मृत्यु स्पष्ट नजर आ रही थी झूठे खेल ने बढ़ते बढ़ते क्या रूप धारण कर लिया था। इसकी उन्होंने कोई कल्पना नहीं की थी। उन्हें लग रहा था कि राजा और प्रजा उन्हें निश्चय ही फ़ाँसी से कम कोई सजा नहीं देगें।

जिस बगीचे में यह बारात ठहरी हुयी थी। उसमें एक इच्छाधारी नाग-नागिन का जोङा निवास करता था।

नाग ने हँसते हुये नागिन से कहा - तूने कभी बिना दूल्हे की बारात देखी है?

नागिन ने हैरानी से कहा - बिना दूल्हे की बारात भी कहीं होती है क्या?

नाग ने कहा - हमारे बगीचे में जो बारात ठहरी हुयी है, वो ऐसी ही है?

और उसने नागिन को पूरा किस्सा बताया।

इस पर कोमल नारी स्वभाव वाली नागिन ने कहा - ओह, जब ये बारात दरवाजे पर पहुँचेगी तो वर प्रतीक्षारत कन्या और अन्य लोगों पर क्या गुजरेगी, उफ़ स्वामी, ये तो बङा अनर्थ ही होगा। क्या ऐसा नहीं हो सकता कि किसी तरह से ये शादी भी निर्विघ्न हो जाय तो कम से कम कन्या पर एकदम तो बिजली गिरने से बच जायेगी। फ़िर बाद में तो स्थिति संभल सकती है। क्या ऐसा कोई उपाय नहीं है, प्राणनाथ?

नाग ने कहा - एक उपाय है, उसके लिये यदि तू राजी हो, तो में वर के स्थान पर मनुष्य का शरीर धारण करके बैठ जाता हूँ, और इसका विवाह सम्पन्न करा के वापस इसी स्थान पर इनको छोङ दूँगा फ़िर इनके भाग्य में जो होगा, वो ये जाने। कोई ना काहू सुख दुख कर दाता, निज कर कर्म भोग सब भ्राता।

नारी स्वभाव वाली भोली नागिन इसके लिये सहर्ष तैयार हो गयी।

नाग ने इच्छा से मनुष्य शरीर बनाया, और पालकी में वर के स्थान पर बैठ गया। उसकी सुन्दरता और तेज कामदेव के समान था। जब बारात दरवाजे पर पहुँची, और वर पालकी से उतरकर पहली बार आम लोगों से रूबरू हुआ, तो उसे निहारने वाले लोग बेहोश होते होते बचे।

वाकई रानियां ठीक कहती थी वर सुन्दरता में कामदेव की मूरत नजर आ रहा था।

लोग बङे खुश हुये, इस अनोखे बहुचर्चित वर की चर्चाएं पहले ही आसमान छू रही थी। उसकी बेमिसाल सुन्दरता ने तो मानो आसमान भी फ़ाङ दिया। कन्यापक्ष वाले जो तरह तरह से सशंकित थे अपनी इस उपलब्धि पर फ़ूलकर कुप्पा हो गये। सशंकित वरनी भी वर वर्णन से पुलकित हो उठी उसका सीना धाङ धाङकर बजने लगा।

नमो देवी नमुस्तते नमुस्तते,
सुन सिय सत्य असीस हमारी, पूजहु मनोकामना तुम्हारी।

कन्या का वर वाकई सपनों का राजकुमार था।

विवाह निर्विघ्न सम्पन्न हो गया, और बारात वापस उसी बगीचे में आकर ठहर गयी। नाग राजकुमारी के स्पर्श से कामासक्त हो रहा था, और उससे यौनभोग करने हेतु व्याकुल हो उठा था पर उसे नागिन की तरफ़ से डर था। यदि वह सीधे सीधे अपने मनोभाव व्यक्त कर देता तो नागिन खूंखार तो हो ही जाती। नववधू को डसकर उसका काम तमाम कर देती।

उसने एक योजना बनाते हुये नागिन को समझाया कि देख यदि मैं इसको भली प्रकार घर तक छोङ आऊँ, और कुछ दिन रहकर चुपचाप चला आऊँ, तो सारी स्थिति ठीक हो जायेगी। इस तरह बहुत भला होगा, और तमाम बातें बिगङने से बच जायेंगी।

हालांकि नागिन के मन में भी ये बात थी कि हो न हो नाग अब इससे सम्भोग करने का बेहद इच्छुक हो सकता है। पर नाग ने ये बात ऐसा सीरियस मुँह बनाकर और तमाम धर्मकर्म की बातें जोङकर पेश की कि नागिन हिचकते हुये तैयार हो ही गयी।

नाग ने वादा किया कि चार दिन के बाद वो अवश्य लौट आयेगा।

बारात राजमहल में पहुँच गयी। राजा अपने पुत्र को देखकर बहुत आनन्दित हुआ। झूठी रानियों के आश्चर्य का ठिकाना न था पर प्रत्यक्ष प्रमाण को वो कैसे नकार सकती थीं।

उन्होंने सोचा - स्वयं भगवान ने ही उनकी मदद की है, और जो हुआ, सो अच्छा ही हुआ आदि।

नाग सब कुछ भूलकर नवयौवना पत्नी में डूब गया।

चार दिन की जगह, एक महीना, फ़िर दो महीना, फ़िर चार महीना गुजर गये। उसने नागिन की कोई सुधि न ली, और निरंतर कामभोग में लगा रहा। उल्टे उसने एक बहाना तैयार करते हुये किले के चारो तरफ़ एक बङी खाई खुदवा कर उसमें पानी आदि भरवा कर कुछ इस तरह की मजबूत व्यवस्था करवा दी कि कोई सर्प जाति किसी भी सूरत में किले में प्रवेश नहीं कर सकती थी। वो खूंखार नागिन क्या कर सकती है, इसे वो नाग भली भांति जानता था।

चार महीने के लम्बे इंतजार के बाद आखिर नागिन का धैर्य खत्म हो ही गया, और वो नाग की तलाश में उस किले तक आ ही गयी, किले के चारों तरफ़ सुरक्षा के इंतजाम देखते ही वो अपने धोखेबाज और बेवफ़ा नाग के मंसूबों को भली भाँति समझ गयी।

हालांकि ये इंतजाम उसके लिये कोई अहमियत नहीं रखते थे, वो कोई अन्य रूप धारण करके महल में घुस सकती थी, और वापिस फ़िर नागिन बन सकती थी। ये बात इच्छाधारी नाग भी भलीभाँति जानता था, पर इसीलिये शायद किसी ने कहा है कि कामवासना अन्धी ही होती है।

नागिन ने मन में सोचा कि मैं तुम दोनों को ही सबक सिखाऊँगी, और नागिन बने रहकर ही महल में प्रवेश करूँगी।

इसी विचार के तहत वो महल में जाने वाले फ़ूलों की डलिया में छुपकर अन्दर चली गयी, और छुपकर रात होने का इंतजार करने लगी। अगले चार दिनों तक इसी तरह छुपकर वो नाग और अपनी सौतन की प्रेमलीला देखती रही। कामवासना में खोये नाग का इस तरफ़ कोई ध्यान न गया। अगर वो जरा भी होश में होता तो उसकी इस तरह की स्थिति के लिये सचेतक इंद्रिया उसे अवश्य सूचित कर देती बल्कि कर रही थी।

पर वह एक कामीपुरूष की भाँति अन्धा हो चुका था। उनके प्रेमालाप को देखते हुये उन्हें डसने को तत्पर नागिन अक्सर इस सोच में पङ जाती - ओह, कितनी सुन्दर जोङी है। मानो एक दूजे के लिये ही बने हों। दोनों एक दूसरे को कितना प्रेम करते हैं। क्या इनका वियोग कराना उचित होगा। नाग मुझसे ऊबकर इसमें दिलचस्पी ले रहा है, तो इसमें उसका क्या दोष, ये तो पुरूष का स्वाभाविक गुण है, और सबसे बङा सवाल इस राजकुमारी का आखिर क्या दोष है, जो मैं इसे मृत्यु के मुख में ढकेल दूँ?

इस तरह कभी वो उन्हें डसने की सोचती। कभी यूँ ही वापस लौट जाने की सोचती। फ़िर सोचती वापिस जाकर करेगी क्या। नाग के धोखा देने के बाद जीवन का अर्थ ही क्या रह गया है।

इस तरह नागिन ने कई बार उन्हें डसने का निश्चय किया, और त्याग दिया।

उसने सोचा कि यदि मैं नाग को डस लेती हूँ, तो हम दो विधवा हो जायेंगी, और यदि अपने सौतन को डसती हूँ, तो संभव है कि नाग इसके विरह वियोग में प्राण त्याग दे। तब भी मैं विधवा की विधवा ही रहूँगी।

ऐसे उसने हजारों तरह से घुमा फ़िरा कर सोचा, और तब?

अगले दिन नाग जब सुबह सोकर उठा, तो उसने देखा कि उसके बिस्तर के पैरों वाले स्थान पर एक घायल मुख वाली मृतक नागिन पङी है, पास ही रखी पाषाण मूर्ति पर सर पटक पटक कर उसने अपने प्राण त्याग दिये थे।

कुछ ही मिनटों में नाग पूरी कहानी समझ गया। उसने झपटकर अपनी प्रियतमा को उठाया, और जार-जार रोने लगा - अरे, तूने एक बार तो बताया होता। एक बार तो अपने मन की बात कही होती। पता नहीं, अंतिम समय में, तू मुझसे क्या बात करना चाहती थी। अरे, ये सब एक बार बताया होता। तेरी मृत्यु का मैं पूरा पूरा गुनहगार हूँ।


शनिवार, फ़रवरी 08, 2014

पिशाच का बदला 1




भूत-प्रेतों की रहस्यमय दुनियां, उनका स्थूल शरीर रहित लगभग अशरीरी और सूक्ष्मशरीर का जीवन, और उनकी अपनी जिन्दगी के अजीबोगरीब क्रियाकलाप पर आधारित ये तीन प्रेतकथायें ‘अगिया वेताल’ ‘पिशाच का बदला’ और ‘चुङैल’ संशोधित संस्करण के साथ आपके हाथों में है। और पूरी उम्मीद है कि ये तीनों बङी कहानियां भी आपको अन्य प्रेत कहानियों और उपन्यास जैसे ही पसन्द आयेंगे।
यहाँ एक बात अच्छी तरह से समझ लेनी चाहिये कि दरअसल इन वायव्य शरीरधारियों का इंसानी जीवन से क्या सम्बन्ध है, और भूत-प्रेतों का इंसानी जीवन में क्या और क्यों दखल है?
वैसे अब तक के मेरे अनुभव में तो ये भी एक हैरानी कि बात रही है कि जो लोग इन अदृश्य रूहों से कुछ हद तक या कुछ ज्यादा भी, प्रभावित रहे। वे अक्सर ही और पूरी दृढ़ता से इनके अस्तित्व को नकारते रहे, और कहते रहे कि ये सब क्या बकवास है, और आधुनिक प्रगतिशील युग में तो यह निरा अंधविश्वास ही है।
जबकि इसके ठीक उलट, जो कतई प्रभावित नहीं थे, और जिनके दूर दूर तक अभी प्रभावित होने के कारण भी नहीं थे। वे न सिर्फ़ पूरी आस्था से रूहों के अस्तित्व को स्वीकारते थे, बल्कि उनमें दिलचस्पी भी लेते थे, और मानते थे कि उनका या उनके परिवार या उनके किसी परिचित का वायवीय रूहों से या तो सम्पर्क है, या फ़िर वे उसके विपरीत प्रभाव से प्रभावित हैं।
दरअसल किसी भी कारणवश हुयी मृत्यु से जैसे ही किसी इंसान का ये नजर आने वाला शरीर या स्थूल आवरण उतर जाता है, तो उस वक्त उसके पास सिर्फ़ सूक्ष्म शरीर ही रह जाता है। और फ़िर वह अपने अंतःकरण में संचित स्मृति, कारण और गुण प्रभाव के द्वारा शेष रही जीवनलीला को खेलने को विवश होता है। तब तक, जब तक कि उसे फ़िर से कोई पंचतत्व वाला शरीर नहीं मिल जाता।
 राजीव श्रेष्ठ
आगरा


अमेजन किंडले पर उपलब्ध उपन्यास
available on kindle amazon


पिशाच का बदला 2



- वर्माजी । अचानक वह बोला - आपकी जिस पुत्रवधू पर प्रेत की छाया है । उसके पति का नाम क्या है?
- रामवीर वर्मा । साहिब सिंह ने असमंजस की हालत में उत्तर दिया - वह बिजली विभाग में है ।
लेकिन प्रसून जी, भगवान के लिये मुझे कुछ तो बताईये । क्योंकि मैं बेहद सस्पेंस महसूस कर रहा हूँ  ।  
वर्माजी जो जानना चाह रहे थे । वह साधना के नियमों के विरुद्ध था, और अदृश्य जगत के किसी भी रहस्य को सम्बन्धित आदमी को बताना तो एकदम गलत था ।
इसलिये उसने वर्माजी से झूठ बोला, और कहा - अभी मैं खुद जानने की कोशिश कर रहा हूँ, तो आपको क्या बताऊं?
इस उत्तर पर वर्माजी असहाय से हो गये, और बैचेनी से पहलू बदलने लगे ।
लेकिन हकीकत कुछ और ही थी ।
डब्बू नाम के पुनर्जन्म लेने वाले बच्चे का माइंड रीड करके वह बहुत कुछ जान चुका था । हालांकि इस पुनर्जन्म हुये बालक को अभी तक न तो अपने पिछले जन्म की याद थी, और न ही उसने ऐसी कोई बात अभी तक कही थी । जैसा कि पुनर्जन्म लेने वाले बच्चे अक्सर कहते हैं ।
पर यह एक संयोग ही था कि वह अपने दादा के साथ मानसी विला आया, और प्रसून ने उसमें प्रेतत्व भाव महसूस किया, और फ़िर स्वाभाविक ही उसने उसका दिमाग रीड किया । और उसी के परिणामस्वरूप वह पहले फ़ार्म हाउस और अब नदी के किनारे खङा था ।
यानी वह स्थान, जहाँ से इस घटना की शुरूआत हुयी । यानी वह स्थान, जहाँ से नन्दू उर्फ़ नन्दलाल गौतम एक जीवन की यात्रा अधूरी छोङकर किसी बदले की खातिर साहिब सिंह वर्मा के घर उनका नाती बन के आया ।
नन्दू उर्फ़ पुनर्जन्म बालक डब्बू के दिमाग में दो घटनायें प्रमुखता से फ़ीड थी । एक तो उसका नदी में डूबकर मर जाना, और दूसरा उसकी बहन लक्ष्मी उर्फ़ लच्छो से कुछ लोगों द्वारा बलात्कार । लेकिन ये घटनायें पूरी स्पष्टता से नही थी, और वह डब्बू की छोटी उम्र को देखते हुये किसी तरह का प्रयोग उस पर नहीं कर सकता था । तब इसका सीधा सा मतलब यह था कि ये जानकारी वह रामवीर से ही हासिल करता । जो इस घटना में शामिल था, और तब आगे कोई निर्णय लेता ।
- ये जमीन । फ़िर वह खेतों की तरफ़ इशारा करके बोला - आपने हाल फ़िलहाल यानी लगभग तीन साल पहले ही खरीदी है । जो कि विवादित होने के कारण कोई ले नहीं पा रहा था, और आपने दबंग होने के कारण ले ली है । जबकि आपको सरकारी कानून की वजह से इसकी डबल रजिस्ट्री करानी पङी ।
- ओह माय गाड । साहिब सिंह के मुँह से स्वतः ही निकल गया - मैं तय नहीं कर पा रहा कि आपको क्या समझूँ, और आपसे क्या व्यवहार करूँ ।
- आप जमीन के बारे में कुछ बताईये ।
- ये जमीन । वर्माजी अजीब भाव से बोले - राजाराम गौतम की थी । राजाराम आज से नौ साल पहले स्वर्गवासी हो गया था । उसके बाद, उसके परिवार में उसकी पत्नी धनदेवी, बङा लङका नन्दू, जवान लङकी लक्ष्मी, और ग्यारह साल का छोटा लङका मुकेश रह गये थे ।
मुझे इस घटना की सच्चाई तो ठीक से नहीं मालूम । क्योंकि उस वक्त मैं गांव से बाहर था । लेकिन ऐसा कहा जाता है कि गांव के कुछ लोगों ने बाहर के लोगों के साथ लक्ष्मी से बलात्कार किया था । और इस घटना को लेकर नन्दू बदला लेने की ताक में रहने लगा था ।
लेकिन वह बेचारा कोई बदला ले पाता । इससे पहले ही नदी में नहाते हुये डूबकर मर गया । क्योंकि उसकी माँ धनदेवी के लिये गांव का माहौल खराब हो चुका था, और उस पर उसका बङा लङका असमय ही मर गया । इसलिये धनदेवी ये गांव छोङकर अपने दोनों बच्चों के साथ अपने भाई के गांव चली गयी ।
वह इस जमीन को बेचना चाहती थी । लेकिन कई दबंगों की नजर इस पर होने के कारण कोई ले नहीं पा रहा था । तब धनदेवी के भाई ने मुझसे सम्पर्क किया, और ये दस बीघा जमीन और वो महुआ आम का बगीचा मैंने उससे खरीद लिया । राजाराम और उसका परिवार बहुत ही भले थे । इसलिये उनके गांव से हमेशा के लिये चले जाने के कारण मुझे बहुत अफ़सोस हुआ ।
लेकिन प्रसून जी, आप यह सब कुछ क्यों पूछ रहे हैं । इसका रेशमा की परेशानी से क्या मतलब है । जिसके लिये मैं खासतौर पर आपको लाया हूँ ।
प्रसून ने एक निगाह डब्बू पर डाली, और बोला - चलिये, आपके घर चलते हैं ।


अमेजन किंडले पर उपलब्ध उपन्यास
available on kindle amazon

पिशाच का बदला 3



नन्दू लगभग पांच साल पहले मरा था ।
और पुनर्जन्म हुये बालक डब्बू के रूप में अभी ढाई साल का था ।
पांच महीने लगभग उसने गर्भ में बिताये । क्योंकि गर्भ में बढ़ते पिंड में जीव चार या सात महीने पूरा होने पर प्रवेश करता है । इसका मतलब लगभग दो साल तक वह प्रेत बनकर भटकता रहा ।
और फ़िर वर्माजी की चौथे नम्बर की पुत्रवधू पुष्पा जब गर्भवती हुयी, तो नियमानुसार ही वह अपना कर्ज वसूलने उनके घर ही आ गया ।
क्योंकि नन्दू अकाल मौत मरा था, निर्दोष मरा था ।
इसलिये प्रेतयोनि के तमाम कष्टों से उसे ज्यादा नहीं जूझना पङा ।
लेकिन इस बात से प्रसून के दिमाग में एक नया रहस्य मानसी विला से ही पैदा हो गया था ।
नन्दू उर्फ़ पुनर्जन्म हुआ बालक डब्बू अब प्रेत नहीं था । लेकिन उसके दिमाग का वह हिस्सा तीन, यानी एक छोटा और दो बङे प्रेतों की पुष्टि कर रहा था, और दिमाग के उस अध्याय का शीर्षक बदला था । तो फ़िर ये तीन प्रेत कौन थे, जो डब्बू को माध्यम बनाकर निर्दोष रेशमा को परेशान कर रहे थे?
ये सभी बातें वह बिना किसी ओझाई आडम्बर के यानी किसी माध्यम को बैठाना और प्रेत आहवान यानी ‘ह्यीं क्लीं चामुन्डाय विच्चे’ आदि के बिना भी जान सकता था । और समस्या को बिना किसी नाटक के भी हल कर सकता था । पर यहाँ मामला दूसरा था । और उसकी नैतिकता के अनुसार उसका प्रयास ये था कि न सिर्फ़ वह वर्मा परिवार को प्रेतपीङा से मुक्ति दिलाये । बल्कि नन्दू के परिवार धनदेवी और लक्ष्मी को भी यथासंभव न्याय दिलाये । इसलिये इस क्रिया को अब वह पूरी तरह से खुलकर करना चाहता था ।
इसीलिये प्रसून ने रामवीर को अकेले मन्दिर ले जाकर न सिर्फ़ सारी बातें कबूलवाईं । बल्कि उसे आगे की कार्यवाही हेतु एक गवाह के तौर पर भी तैयार किया ।

रात के साढ़े दस बज चुके थे ।
वर्मा परिवार के साथ साथ प्रसून भी डिनर से फ़ारिग हो चुका था ।
उसने वर्माजी को पहले ही समझा दिया था कि इस प्रेत आपरेशन की बिलकुल पब्लिसिटी न होने पाये । जैसा कि आम ओझागीरी के समय तमाम गांव के लोग इकठ्ठा हो जाते हैं, और देर तक फ़ालतू की हू हा होती है । और इसी का परिणाम था कि गांव का या बाहर का कोई आदमी तो दूर स्वयं वर्माजी के परिवार के अधिकांश लोग इस समय छत पर नहीं थे ।
बल्कि इस समय रेशमा, वर्माजी, रामवीर, वर्माजी की पत्नी हरप्यारी देवी, पुष्पा, और पुष्पा का पति धर्म सिंह और सोता हुआ डब्बू ही उसके साथ छत पर मौजूद थे, और आगामी दृश्यों की धङकते दिल से प्रतीक्षा कर रहे थे ।
प्रसून ने एक सिगरेट सुलगायी, और कश लगाता हुआ छत की जालीदार बाउंड्री के पास आकर खङा हो गया । उसके साथ सिर्फ़ वर्माजी थे । बाकी लोग पीछे चारपाईयों पर बैठे थे ।
प्रसून ने वर्माजी की ओर देखा, और मुस्करा कर बोला - हाँ कहूँ तो है नहीं, ना कही ना जाय । हाँ ना के बीच में साहिब रहो समाय । वर्माजी आप इस बात का मतलब जानते हैं? वैसे तो ये भगवान की स्थिति और आदमी की जिज्ञासा की बात है ।
लेकिन इस वक्त ये सन्तवाणी कुछ अलग अर्थ में आपके ऊपर फ़िट हो रही है । आपका नाम साहिब सिंह वर्मा है, और इस वक्त प्रेत से प्रभावित आपके घर के लोग छत पर बैठे हैं । लेकिन प्रेत कहीं नजर आ रहा है? और प्रेत यहाँ बिलकुल नहीं है । ऐसा कम से कम आप तो नहीं कह सकते । भूत प्रेत होते ही नहीं हैं । अब कम से कम भुक्तभोगी हो जाने के बाद आप ये बात नहीं कह सकते । लेकिन मैं आपसे प्रश्न करता हूँ कि प्रेत यदि हैं, तो वो कहाँ है?
वर्माजी ने असमंजस की स्थिति में उसकी तरफ़ देखा ।
अपने परिवार की तरफ़ देखा, और फ़िर असहाय भाव से इंकार में सिर हिलाने लगे ।
प्रसून ने बहुत हल्के उजाले में लगभग आधा किलोमीटर दूर स्थित गांव के मन्दिर और वर्माजी की हवेली के ठीक बीच में खङे पीपल के पुराने और भारी वृक्ष की तरफ़ देखा ।
और उंगली से उसकी तरफ़ इशारा करते हुये कहा - वहाँ, वहाँ हैं, वो प्रेत ।
और फ़िर उसी उंगली को, उसी अन्दाज में घुमाते हुये, वह अपनी जगह पर घङी के कांटे के अन्दाज में घूमा, और उंगली को रेशमा की तरफ़ कर दिया ।
यकायक ही रेशमा का शरीर अकङने लगा, और उसकी मुखाकृति विकृत होने लगी । इसी के साथ सोता हुआ डब्बू किसी चाबी लगे खिलौने की तरह उठकर बैठ गया । परिवार के अन्य लोग भी स्वाभाविक ही सतर्क हो गये ।


अमेजन किंडले पर उपलब्ध उपन्यास

available on kindle amazon

पिशाच का बदला 4




उसके जीवन में प्रेतबाधा के बहुत कम केस ऐसे थे । जिनमें प्रसून ने खुले रूप से ऐसी कार्यवाही की थी । यदि किसी केस से उसे जुङना भी पङता था, तो वह अधिकतर गुप्त रूप से ज्यादा से ज्यादा से कार्यवाही निबटा कर समस्या का हल कर देता था ।
लेकिन ये मामला ऐसा था कि जिसमें बात का पूरी तरह से खुलना सभी के हित में था ।
रेशमा के मुँह से एक पुरुष आवाज निकली - हे साधु, आपको हमारा प्रणाम है । मैं अशरीरी योनि में पिशाच श्रेणी का प्रेत हूँ । मेरे साथ दूसरा ब्रह्मराक्षस और तीसरा छोटा यमप्रेत है । हम सभी बरम देव के आश्रय में रहते हैं । वह हम में सबसे बङे हैं । इस गांव के आसपास तीन स्थानों पर हमारा बसेरा है । एक वह बरम देव पीपल,  दूसरा मन्दिर से आगे दो किलोमीटर दूर का शमसान, और तीसरा वर्मा का फ़ार्म हाउस, जिसमें खंडित मन्दिर भी है ।
इन तीनों प्रमुख स्थानों पर डाकिनी, शाकिनी, यक्ष, भूत, प्रेत आदि अनेक प्रकार के लगभग तीस प्रेत बरम देव के आश्रय में रहते हैं, और नियमानुसार गलती करने वाले को ही परेशान करते हैं । बाकी हम इस गांव के आसपास से प्राप्त खुशबू और मनुष्य के त्याज्य मल कफ़ थूक उल्टी आदि कई चीजों का आहार करते हैं ।
हे साधु, आप जानते ही हैं कि इससे अधिक प्रेतों के रहस्य बताना उचित नहीं है । और इस प्रेतपीङा निवारण के पूरा हो जाने के बाद वर्मा परिवार को भी नियम के अनुसार गांव आदि में ये बात खोलना वर्जित है कि इन स्थानों पर प्रेत रहते हैं ।
- एक मिनट । प्रसून ने बीच में हस्तक्षेप करते हुये मुस्करा कर कहा - यदि वर्मा परिवार तुम्हारे रहस्य, तुम्हारे रहने के स्थान, तुम्हारे घर आदि के बारे में लोगों को बता देगा, तो क्या हो जायेगा?
- हे महात्मा । रेशमा के मुख से पिशाच बोला - मैं जानता हूँ कि ये बात आप इन लोगों को ठीक से समझाने हेतु पूछ रहे हैं, जो कि उचित ही है, तो सुनिये प्रेतों का तो कुछ खास नहीं होगा । पर इससे ग्रामवासियों के मन में एक अजीब और अज्ञात सा भय पैदा हो जायेगा, और लोग इन तीनों स्थानों पर पहुँचते ही इस भाव से देखेंगे कि जैसे प्रेतों को ही देख रहे हों ।
फ़िर जिस प्रकार हे साधु, मन्दिर में जाने वाले भक्त के मन में पत्थर की मूर्ति देखते ही ये विचार आता है कि ये भगवान हैं, और उसका भाव भगवान से जुङ जाता है । और तब ये एक तरह से अदृश्य सम्पर्क ही हो जाता है । इसी तरह ये जानकारी हो जाने पर कि इन स्थानों पर प्रेत हैं । वे भावरूपी सम्पर्क हमसे बार बार जिज्ञासा की वजह से भय की वजह से करेंगे । इस तरह ये प्रेतों के लिये आमन्त्रण होगा, और इस गांव के घर घर में प्रेतवासा हो जायेगा । तब इसका जिम्मेदार वर्मा परिवार होगा । क्योंकि वास्तव में अधिकतर प्रेत आवेश होने की मुख्य वजह यही होती है ।
किसी भी एकान्त अंधेरे स्थान पर पहुँचकर भयभीत हुआ आदमी भूत प्रेत के बारे में सोचकर खुद ही, यदि वहाँ प्रेत हो, उससे सम्पर्क जोङ लेता है । एक तरह से उसे खुद ही निमन्त्रण दे देता है ।
दूसरे, किसी आवेश में नियम के विपरीत कार्य करने से भी प्रेत आवेश होता है । इसके अलावा भी प्रेत आवेश के अन्य कारण होते हैं । पर उनको न कहता हुआ, मैं उस कारण को कहता हूँ । जिससे वर्मा परिवार प्रभावित हुआ ।
ये पांच साल पुरानी बात है । जब कि नन्दलाल गौतम उर्फ़ नन्दू नदी में डूबकर, जल में डूबने से अकाल मृत्यु को प्राप्त हुआ, बुङुआ प्रेत या बूङा प्रेत बन गया । और ये हर वक्त दुखी हुआ सा रोता रहता था । प्रेतयोनि में जाने के बाद भी इसे अपनी माँ बहन भाई की बेहद चिंता रहती थी ।
ये प्रेत होकर आसानी से अपने ऊपर हुये जुल्म का खतरनाक बदला ले सकता था । लेकिन इसके बावजूद सीधा स्वभाव होने के कारण, ये बदले की बात भुलाकर, अपने असहाय हो गये परिवार के विषय में सोचता रहता था । और हम प्रेतों से भी बहुत ही कम वास्ता रखता था ।
तब इसके सीधेपन से प्रभावित होकर कुछ बङे शक्तिशाली प्रेतों ने इसकी मदद करने का निश्चय किया । जिनमें कि मैं भी शामिल था । हमें इससे बेहद सहानुभूति थी । क्योंकि हम भी कभी इंसान थे । और अब हमारे पास सिर्फ़ ये दुर्लभ मनुष्य शरीर ही तो नहीं था । बाकी हमारी भावनायें आदि लगभग वैसी ही थीं । हे साधु, आप जानते ही हैं कि इंसानों और हम में सिर्फ़ शरीरों का ही फ़र्क है ।
प्रसून ने देखा, पूरा वर्मा परिवार बङी उत्सुकता से इस दिलचस्प प्रेतकथा को सुन रहा था । लेकिन वास्तव में इस प्रेतकथा में उसके लिये कुछ भी दिलचस्प नहीं था । पर एक विशेष कारण से वह प्रेतकथा पिशाच के द्वारा रेशमा के मुख से करवा रहा था ।


अमेजन किंडले पर उपलब्ध उपन्यास
available on kindle amazon

प्रेतकन्या 1




दरअसल इन लोकों में प्रथ्वी की तरह मर्दानगी वाला सिद्धांत चलता है।
यदि सभ्यता का प्रदर्शन किया, तो आपको डरपोक माना जायेगा, और ये भी पहचान हो जायेगी कि आप पहली बार यहाँ आये हैं। न सिर्फ़ नये, बल्कि अंतरिक्ष के लिये अजनबी भी, और ये दोनों बातें बेहद खतरनाक थीं।
प्रेतकन्या एक सफ़ेद घांघरा सा पहने थी, और कमर से ऊपर निर्वस्त्र थी।
उसके लम्बे लम्बे बाल हवा में लहरा रहे थे।
- तुम वाकई सख्त, और बङे..। उसने प्रसून के शरीर पर निगाह फ़ेंकते हुये होठों पर जीभ फ़िरायी - जिगर वाले हो। आओ..मेरे जैसा सुख पहुँचाने वाली, यहाँ दूसरी नहीं है, क्या तुम..। उसने अपने उन्नत कुचों को उठाते हुये कहा - भोग करना चाहोगे।
वह फ़िर एक अजीब से चक्कर में पङ गया।
दरअसल उससे भोग करने का मतलब था, अपने दिमाग को उसे रीड करने देना, और लगभग दस प्रतिशत प्रेतभाव का फ़ीड हो जाना, और सम्भोग नहीं करने का मतलब था, उसका रुष्ट हो जाना, तो जो जानकारी वह उससे प्राप्त करना चाहता था, उससे वंचित रह जाना।
उसने फ़ैसला लेते हुये बीच का रास्ता अपनाया, और उसे पेङ के नीचे टेकरी पर गिराकर उसके उरोजों से खेलने लगा।
- पहले तुझे कभी नहीं देखा..किस लोक का प्रेत है तू? वह आनन्द से आँखे बन्द करते हुये बोली।
- इस वक्त मेरे दिमाग में सिर्फ़ एक ही बात है..। वह सावधानी से बोला - उस किंझर वाली की अकङ ढीली करना।
यकायक मानों विस्फ़ोट सा हुआ।
किंझर शब्द सुनते ही वह चौंककर बैठ गयी, और लगभग चिल्लाकर बोली - तू प्रेत नहीं..कुछ अन्य है..। प्रेत किंझर का मुकाबला नहीं कर सकता..।
- मैं जो भी हूँ। प्रसून ने उसकी कमजोर नस पर चोट की - तू मुझे किंझर का शार्टकट बता। मेरे पास समय कम है, लेकिन लौटते समय..समझ गयी कहाँ चोट दूँगा..।
उसका पैंतरा काम कर गया।
वह बेहद अश्लील भाव से हँसी।
चींटी से लेकर मनुष्य, और फ़िर देवताओं तक भी, किसकी कमजोरी नहीं होती, ये कामवासना।
अबकी बार जब उसने अंतरिक्ष में छलांग लगायी, तो उसके पास पूरी जानकारी थी।
किंझर बेहद शक्तिशाली किस्म के वेताल प्रेतों का लोक था, और वहाँ का आम जनजीवन बेहद उन्मुक्त किस्म का था। हस्तिनी किस्म की स्थूलकाय प्रेतनियां पूर्णतः नग्न अवस्था में रहती थी, और लगभग दैत्याकार पुरुष भी एकदम निर्वस्त्र रहते थे।
सार्वजनिक जगहों पर सम्भोग, और सामूहिक सम्भोग के दृश्य वहाँ लगभग आम ही थे।
फ़िर कुछ ही देर में वह किंझर पर मौजूद था।
क्षेत्रफ़ल की दृष्टि से किंझर एक विशालकाय प्रेतलोक था।
अभी वह सोच विचार में मग्न ही था कि उसके पास से बीस बाईस युवतियों का दल गुजरा।
वे बङे कामुक भाव से उस अजनबी को देख रही थी।
अब उसे युक्ति से काम लेना था।
उसने बेलनुमा एक पेङ की टहनी तोङी, और उसे यूँ ही हिलाता हुआ एक प्रेतकन्या के पास पहुँचा, और उसके नितम्ब पर सांकेतिक रूप से हल्का सा वार जैसे काम आमन्त्रण हेतु किया।
उसने आश्चर्य से तुरन्त पलटकर देखा।
प्रसून ने उसका हाथ पकङ कर फ़ौरन ही अपनी तरफ़ खींच लिया।
ये वहाँ की निश्चित जीवनशैली थी।
इसके विपरीत, अगर वह प्रथ्वी की तरह, बहनजी या भाभीजी जरा सुनना, जैसी शैली में बात करता, तो वो तुरन्त समझ जाती कि वह प्रथ्वी, या उस जैसे किसी अन्य लोक का है, और ये स्थिति उसे कैद करा सकती थी। प्रसून के शरीर से मानव की बू नहीं आती थी। क्योंकि पूर्व की अंतरिक्ष यात्राओं में ही वह ऐसी बू को छिपाने की तरकीबें जान गया था।
-----------------
अमेजोन किंडले पर उपलब्ध

available on kindle amazon




मेरे बारे में

मेरी फ़ोटो
बहुचर्चित एवं अति लोकप्रिय लेखक राजीव श्रेष्ठ यौगिक साधनाओं में वर्षों से एक जाना पहचाना नाम है। उनके सभी कथानक कल्पना के बजाय यथार्थ और अनुभव के धरातल पर रचे गये हैं। राजीव श्रेष्ठ पिछले पच्चीस वर्षों में योग, साधना और तन्त्र मन्त्र आदि से सम्बन्धित समस्याओं में हजारों लोगों का मार्गदर्शन कर चुके हैं।